सकलडीहा। धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर सकलडीहा कस्बे में शुक्रवार को बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। त्योहार पर उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कोतवाल भूपेंद्र निषाद पुलिस फोर्स के साथ दोपहर से शाम तक कस्बे में पैदल गश्त करते रहे। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्थानों और बाजारों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
02
धनतेरस के अवसर पर सकलडीहा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर ग्राहकों की काफी भीड़ रही। वहीं महिलाओं ने परंपरा के अनुसार झाड़ू सहित अन्य घरेलू सामानों की खरीदारी की। बाजार में झालर-बत्ती, माला-फूल और सजावटी सामान की दुकानों पर भी खरीदारों की आवाजाही बनी रही। पूरे कस्बे में त्योहार की रौनक दिखाई दी।

इस अवसर पर कस्बे में जगह-जगह विधि-विधान से पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। समाजसेवी मुराहू विश्वकर्मा के नेतृत्व में भी पूजा-पाठ कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

उधर त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था और अप्रिय घटना को रोकने के लिए कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने पुलिस टीम के साथ बाजार के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण किया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।