सकलडीहा विधानसभा में 20 से 30 नवंबर के बीच सकलडीहा पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित करने की तैयारी है। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सेवायोजन विभाग के अधिकारियों को आयोजन का निर्देश दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने हाईवे निर्माण की अधूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी पत्रक सौंपा।
सकलडीहा। जिले के बेरोजगार युवाओं और छात्रों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। आगामी 20 से 30 नवंबर के बीच सकलडीहा पीजी कॉलेज में रोजगार मेला प्रस्तावित है। इसको लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न कंपनियों में युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है।

जानकारी के अनुसार जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें निजी कंपनियों में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने को लेकर मंत्री अनिल राजभर ने विभागीय अधिकारियों को बुलाकर जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से मेले के आयोजन के लिए स्थान, समय और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का निर्धारण करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
हाईवे निर्माण की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा पत्रक
इस दौरान ग्रामीणों ने हाईवे निर्माण के दौरान जगह-जगह सड़क अधूरी छोड़े जाने, नालों का निर्माण पूरा नहीं होने और लाइटिंग की व्यवस्था शुरू नहीं किए जाने की समस्या को लेकर मंत्री को पत्रक सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि अधूरे निर्माण कार्यों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मंत्री ने जिलाधिकारी से वार्ता कर समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
युवाओं को रोजगार देने के साथ जनसमस्याओं के समाधान का भरोसा
मंत्री ने श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारियों को रोजगार मेले की तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों और गांवों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर जिला सेवायोजन अधिकारी ओमजी गुप्ता, डॉ. श्यामलाल यादव, विजय पांडेय, गोपाल राजभर, रतेंद्र राजभर, आनंद, तौफिक अहमद, मुन्ना, अभिषेक राजभर, मुरली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।