163 सफाई कर्मियों को लगाकर चलाए गए सफाई अभियान के बावजूद ड्रेन में कूड़े का अंबार लगा है। तहसील और पीजी कॉलेज जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल।
सकलडीहा। कस्बे को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने के लिए पंचायत विभाग की ओर से चलाए गए व्यापक सफाई अभियान की हकीकत अब सामने आने लगी है। 12 न्याय पंचायतों के 163 सफाई कर्मियों को लगाकर अभियान चलाने और कस्बे के प्रत्येक हिस्से की सफाई कराने के दावों के बावजूद सकलडीहा की तस्वीर नहीं बदली। कस्बे के सघन क्षेत्र स्थित ड्रेन में कूड़े का अंबार लगा हुआ है, जो सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
ड्रेन में जगह-जगह कचरा जमा होने से नालियों की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी मार्ग से प्रतिदिन तहसील आने वाले फरियादियों के साथ ही सकलडीहा पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। इसके बावजूद नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई के नाम पर बड़े-बड़े अभियान चलाए जाते हैं और विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर सफाई कराने के दावे भी किए जाते हैं, लेकिन अभियान समाप्त होते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि 163 सफाई कर्मियों को लगाकर चलाए गए अभियान का असर आखिर धरातल पर कहां दिखाई दे रहा है।
लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से ड्रेन की तत्काल सफाई कराने और कस्बे में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आवागमन करने वाले लोगों को गंदगी से निजात मिल सके।