सकलडीहा। नोनार क्षेत्र के तुलसी आश्रम नहर मार्ग से जमानिया जाने वाले रास्ते पर 11 हजार वोल्ट का विद्युत पोल पिछले 15 दिनों से झुका हुआ है। पोल के कभी भी गिरने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत है। इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार प्रमोद मौर्य एवं नंदलाल मौर्य के घर के सामने लगा विद्युत पोल काफी दिनों से एक ओर झुका हुआ है। खास बात यह है कि इसी पोल से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के साथ एलटी लाइन भी होकर गुजर रही है। पोल झुकने के कारण दोनों लाइनों के तार नीचे लटक गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में पोल के गिरने या तार टूटकर नीचे आने से बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने अब तक सुध नहीं ली। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते पोल को ठीक नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

इस संबंध में एसडीओ सियाराम यादव एवं जेई मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें इस तरह के किसी मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो कर्मचारियों को मौके पर भेजकर विद्युत पोल को दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि किसी गंभीर घटना की आशंका को टाला जा सके।