सकलडीहा थाना क्षेत्र स्थित नोनार गांव में बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 68 वर्षीय हरिहर पाल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सकलडीहा। सकलडीहा थाना क्षेत्र के नोनार गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोनार गांव निवासी हरिहर पाल (68), पुत्र स्वर्गीय रामनरेश पाल, बुधवार सुबह करीब 5 बजे रोज की तरह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वह गांव के समीप रेलवे ट्रैक की ओर चले गए। तभी वहां से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि हरिहर पाल की मौके पर ही मौत हो गई।
शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर बुजुर्ग का शव देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। हरिहर पाल का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
वहीं, गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते रहे। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद से पूरे नोनार गांव में मातम पसरा हुआ है।