सकलडीहा। पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग चंदौली के राजकीय पशु चिकित्सालय सकलडीहा द्वारा ग्राम माटीगांव स्थित बाबा भांडेश्वर नाथ मंदिर परिसर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के बड़ी संख्या में पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छोटे-बड़े कुल 960 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें कृमिनाशक दवाएं दी गईं, जबकि 60 पशुओं की लघु शल्य चिकित्सा की गई।

मेले में पशुओं के स्वास्थ्य की जांच, उपचार और पशुपालन से संबंधित विभिन्न जानकारियां पशुपालकों को उपलब्ध कराई गईं। नर पशुओं का बधियाकरण भी किया गया।

पशुपालकों को मोबाइल वेटरनरी यूनिट की जानकारी
मेले में मोबाइल यूनिट के प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने पशुपालकों को मोबाइल वेटरनरी यूनिट की सेवाओं, कार्यप्रणाली और टोल फ्री नंबर 1962 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश कुशवाहा ने पशुपालकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। वहीं, कार्यक्रम का आयोजन उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सकलडीहा डॉ. शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया।

पशुपालन योजनाओं की दी गई जानकारी
डॉ. शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने पशुपालकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसमें किसान क्रेडिट कार्ड (पशुपालन घटक), राष्ट्रीय पशुधन बीमा योजना, गौ संरक्षण तथा नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
पशुधन प्रसार अधिकारी दिघवट श्री दीपक मिश्रा ने मेले के सफल प्रचार-प्रसार एवं आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मंच संचालन भी किया।

जनप्रतिनिधियों और पशुपालकों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सूर्य मुनी तिवारी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी, शम्भू नाथ गोंड, अनुसूचित जनजाति प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य, केवला देवी, ग्राम प्रधान माटीगांव तथा श्याम लाल, ग्राम प्रधान पति माटीगांव उपस्थित रहे।

इसके अलावा विभागीय कर्मचारी सुनील मौर्य, अमित, नीरज, शिव लोचन, प्रेम चंद यादव, अरुण तिवारी, अजय यादव, संत कुमार, प्रदीप, रामलाल, अखिलेश एवं मिथिलेश सहित क्षेत्र के गणमान्य पशुपालक आलोक कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, जनार्दन सिंह और पप्पू सिंह समेत बड़ी संख्या में पशुपालकों ने सहभागिता की।

मेले के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, नियमित देखभाल एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया गया।