सकलडीहा थाना क्षेत्र के बहरवानी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी करन को गिरफ्तार किया है। 27 सितंबर को हुए हमले में तीन लोग घायल हुए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के बहरवानी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन (23 वर्ष) पुत्र गोरख निवासी ग्राम बहरवानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 30 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8:20 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को बहरवानी गांव निवासी रमायन नट और विपक्षी पक्ष के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पप्पू नट, परदेशी नट, शिवा, सलमान और करन ने एकराय होकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से रमायन नट तथा उनके परिजनों राजू और शिवानी पर हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना सकलडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 109(1), 115(2), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित चल रहे करन को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जनक सिंह, कांस्टेबल हेमंत राज और कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।