सकलडीहा। सकलडीहा पुलिस और मिशन शक्ति टीम की तत्परता से भटककर पहुंची 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। बालिका अपने परिवार से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने चंदौली पुलिस और मिशन शक्ति टीम के प्रति आभार जताया।

रात्रि गश्त के दौरान बाजार में मिली बालिका
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान थाना सकलडीहा की मिशन शक्ति टीम को सकलडीहा बाजार में एक बालिका असहाय अवस्था में मिली। महिला आरक्षियों ने उससे आत्मीयता से बातचीत और काउंसलिंग की। इस दौरान बालिका ने बताया कि वह मूल रूप से सीतापुर जिले की निवासी है और वर्तमान में अपने परिवार के साथ हरिद्वार, उत्तराखंड में रह रही थी।

परिजनों से नाराज होकर वह बिना बताए घर से निकल गई थी। इसके बाद ट्रेन से मुगलसराय पहुंची और भटकते हुए सकलडीहा बाजार आ गई।

बाल कल्याण समिति के समक्ष किया गया प्रस्तुत
पुलिस ने नियमानुसार बालिका का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद उसकी सुरक्षा के लिए वन स्टॉप सेंटर में रखवाया गया। साथ ही परिजनों से संपर्क कर उन्हें बालिका के सकुशल मिलने की जानकारी दी गई।

वैधानिक प्रक्रिया के बाद पिता को सौंपा
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को बालिका के पिता सुशील कुमार वर्मा थाना सकलडीहा पहुंचे। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस और मिशन शक्ति टीम का धन्यवाद किया।