सकलडीहा। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने थाना सकलडीहा का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न विभागों का जायजा लेते हुए अभिलेखों के रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही ग्राम चौकीदारों को टॉर्च वितरित कर क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल, सीसीटीएनएस कक्ष, बैरक और शस्त्रागार का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
05
क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

इसके अलावा सीसीटीएनएस, साइबर सेल और ऑनलाइन अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।

वहीं, थाना परिसर, बैरकों और शस्त्रागार की साफ-सफाई तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के साथ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी गई।