सकलडीहा कस्बे का प्राचीन सरोवर और मंदिर मार्ग महीनों से गंदगी व दूषित पानी की समस्या से जूझ रहा है। दूषित पानी के कारण दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन दूसरे तालाब में करना पड़ा। देव दीपावली और डाला छठ से पहले ग्रामीणों ने सफाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी से शिकायत करने की बात कही है।
सकलडीहा। सकलडीहा कस्बे का ऐतिहासिक प्राचीन सरोवर और मंदिर मार्ग महीनों से गंदगी और दूषित पानी की समस्या से जूझ रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आगामी दिनों में दीपावली, देव दीपावली और डाला छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व होने हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इसके बावजूद साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी से शिकायत करने का निर्णय लिया है।
पर्यटन संवर्धन योजना के तहत हुआ था सुंदरीकरण
सकलडीहा का प्राचीन सरोवर मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत चयनित है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, मंत्री अनिल राजभर और स्थानीय विधायक की पहल पर मंदिर और सरोवर के समीप घाटों का सुंदरीकरण कराया गया था। शारदीय नवरात्र, दीपावली, देव दीपावली और डाला छठ के अवसर पर यहां हजारों महिलाएं विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दीपदान करती हैं।
दूषित पानी के कारण दूसरे तालाब में हुआ विसर्जन
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई महीनों से घाटों के विस्तार कार्य के चलते सरोवर का पानी दूषित हो गया है। स्थिति यह है कि इस बार दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन भी दूसरे तालाब में करना पड़ा। इसके बावजूद आगामी त्योहारों को देखते हुए सरोवर और मंदिर मार्ग की सफाई की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले इस स्थल की नियमित सफाई होनी चाहिए, ताकि पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी से करेंगे शिकायत
दुर्गा पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष लालचंद सेठ, आकाश मोदनवाल, संत सेठ, सुनील रस्तोगी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही सफाई और दूषित पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।
इस संबंध में एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।