सकलडीहा। भोजापुर स्थित नमन हॉस्पिटल से रतनपुरा होते हुए तेनुवट तक जाने वाली सड़क का निर्माण महीनों से अधूरा पड़ा है। सड़क निर्माण में देरी और कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक साल पहले स्टेट हाईवे की पुलिया से रतनपुरा गांव होते हुए तेनुवट तक जिला पंचायत से सड़क निर्माण प्रस्तावित किया गया था। कार्यदायी संस्था ने कुछ दूरी तक निर्माण कराने के बाद सड़क पर गिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
ग्रामीणों के विरोध के बाद कार्यदायी संस्था ने करीब एक सप्ताह पहले दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि मौजूदा निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण सही तरीके से नहीं होने पर जल्द ही इसकी स्थिति खराब हो सकती है और लोगों को दोबारा परेशानी झेलनी पड़ेगी।

मानक के अनुसार काम नहीं हुआ तो निर्माण रोकने की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया तो वे काम नहीं होने देंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और सड़क को जल्द पूरा कराने की अपील की।

प्रदर्शन में रामनारायण राजभर, गोबिंद राजभर, शाहिल राजभर, अच्छे राजभर, मेवा राजभर, अतुल, अनमोल, सुनीता देवी, सावित्री देवी, चिंता, बदामी और उर्मिला सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।