सकलडीहा। मतदाता सूची को अधिक सटीक और समावेशी बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चार दिवसीय विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को अभियान के पहले दिन सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के 391 बूथों पर विशेष अभियान चलाकर कुल 1250 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।

अभियान को सफल बनाने के लिए 391 बीएलओ, 36 सुपरवाइजर, पांच एआरओ और एसडीएम सहित निर्वाचन विभाग की टीम सक्रिय रही। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बूथों पर पहुंचकर नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा सूची से छूटे लोगों को आवेदन करने के लिए जागरूक किया।

गौरतलब है कि सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जा चुका है। इसके अनुसार विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 5 हजार 562 मतदाता दर्ज हैं। इसके बावजूद कई लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। ऐसे पात्र नागरिकों को अवसर देने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

विशेष अभियान के पहले दिन 1250 आवेदन प्राप्त होना निर्वाचन प्रक्रिया में युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि अभियान के माध्यम से नए मतदाताओं के साथ ही मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम भी शामिल कराए जाएंगे।

इस मौके पर तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह सहित सुपरवाइजर राजेश पासवान, आलोक पांडेय, चंदन यादव, जितेंद्र यादव, विनय सिंह, पूजा सिंह, रंजना सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।