सकलडीहा। सकलडीहा तहसील में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी चंदौली राजेश कुमार वर्मा से मुलाकात की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सकलडीहा तहसील में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वादकारी, किसान और आम नागरिक अपने विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन तहसील परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव, बैठने की सुविधा, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि तहसील प्रशासन को इन समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले वादकारियों और अधिवक्ताओं को राहत मिल सके।

इस पर अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस मौके पर डेमोक्रेटिक बार के अध्यक्ष जनार्दन मिश्रा एडवोकेट, शासकीय अधिवक्ता सकलडीहा अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता विजय प्रताप सिंह, अरविंद यादव एवं सुनील सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।