कस्बे में जाम की समस्या से आमजन और व्यापारी परेशान हैं। डायट में शिक्षकों की काउंसलिंग के दौरान घंटों जाम लगा रहा। व्यापारियों ने कस्बा प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए, वहीं सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद ने मौके पर पहुंचकर यातायात संभाला।
सकलडीहा। कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम ने आमजन, राहगीरों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों पर अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले कस्बा प्रभारी की कार्यशैली को लेकर स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गुरुवार को सकलडीहा स्थित डायट में पदोन्नति को लेकर शिक्षकों की काउंसलिंग आयोजित की गई थी। इसमें बड़ी संख्या में शिक्षक चारपहिया वाहनों से पहुंचे थे। वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते कस्बे में जाम की स्थिति गंभीर हो गई। सड़क पर घंटों तक वाहन रेंगते रहे और स्कूली बच्चे, राहगीर व आम नागरिक जाम में फंसे रहे। इस दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए जिम्मेदार कस्बा प्रभारी कोतवाली में बैठे नजर आए।
फरियादियों की समस्या से ज्यादा नौकरी के किस्सों पर चर्चा का आरोप
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि कस्बे में यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम से निजात दिलाने के बजाय कस्बा प्रभारी अन्य गतिविधियों में अधिक व्यस्त रहते हैं। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि थाने पर अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई करने के बजाय उन्हें अपनी नौकरी के खट्टे-मीठे अनुभवों के किस्से सुनाए जाते हैं। इससे लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर असंतोष बढ़ रहा है।
प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
कस्बे में जाम की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद तत्काल मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को संभालते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन पहले से सतर्कता बरते और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती करे तो रोजाना लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
अब सवाल यह है कि क्या पुलिस के उच्चाधिकारी व्यापारियों और आमजन की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सकलडीहा की बदहाल यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाएंगे?