सकलडीहा विधानसभा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत एसडीएम आकांक्षा सिंह ने चार बूथों का निरीक्षण किया। अभियान में करीब एक हजार नए मतदाताओं के फॉर्म-6 के आवेदन लिए गए। अधिकारियों को छूटे हुए नाम जोड़ने और दोहरी प्रविष्टियों की जांच के निर्देश दिए गए।
सकलडीहा। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर बीएलओ और सुपरवाइजर तैनात रहे। अभियान के दौरान करीब एक हजार नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 के तहत आवेदन प्राप्त किए गए।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल करना तथा डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों को नियमानुसार हटाकर सूची को अपडेट करना है।
एसडीएम ने कई बूथों का किया निरीक्षण
सकलडीहा की उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आकांक्षा सिंह ने सकलडीहा, ईटवा, नागेपुर और तेंदुईपुर स्थित बूथों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र लोगों के नाम शामिल करने के साथ ही दोहरी प्रविष्टियों और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
एसडीएम ने अभियान के दौरान निर्वाचन संबंधी कार्यों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।
विधानसभा क्षेत्र में 3.02 लाख से अधिक मतदाता
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में कुल 393 मतदान बूथ हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 3,02,461 बताई गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के प्रभावी संचालन के लिए तीन दर्जन सुपरवाइजर और पांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एआरओ) लगाए गए हैं। ये अधिकारी और कर्मचारी पूरे दिन विभिन्न बूथों का भ्रमण कर अभियान की निगरानी करते रहे।
अभियान के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ मतदाता सूची में नामों की शुद्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निरीक्षण एवं अभियान के दौरान प्रभारी तहसीलदार अनुराग सिंह, एआरओ विजय सिंह, जावेद अख्तर, सुरेंद्र प्रताप सहाय, गोपाल कृष्ण तिवारी तथा सुपरवाइजर राजेश पासवान, आलोक पांडेय, चंदन यादव, प्रेमानंद मौर्य, राकेश सिंह यादव और अमरेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।