सकलडीहा के भोजापुर नहर के पास आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर में 21 मरीजों ने पंजीयन कराया। जांच के बाद 6 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित किए गए, जिन्हें मुगलसराय स्थित अस्पताल भेजा गया।
सकलडीहा। क्षेत्र के भोजापुर नहर के पास मंगलवार को साहिल कुँवर अंबानी एवं आनंद नेत्रालय की ओर से निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 21 मरीजों ने अपना पंजीयन कराया। चिकित्सकीय जांच के बाद 6 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए उपयुक्त पाए गए, जिन्हें बेहतर उपचार एवं ऑपरेशन के लिए मुगलसराय स्थित अस्पताल भेजा गया।
शिविर के आयोजक इंद्रेश जी ने बताया कि क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की जानकारी मिलने पर सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज जांच के लिए पहुंचने लगे।
आनंद नेत्रालय के डॉ. लवकुश यादव एवं उनकी टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। इसके साथ ही मरीजों का ब्लड प्रेशर और शुगर भी जांचा गया। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक सावधानियों एवं खानपान में परहेज की जानकारी देते हुए आंखों को स्वस्थ रखने के प्रति जागरूक किया।
आयोजक इंद्रेश जी ने बताया कि शिविर का आयोजन आनंद नेत्रालय के डॉ. निशांत सिंह के निर्देश पर किया गया। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए क्षेत्र में लगातार प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।