सकलडीहा। दीपावली पर्व को देखते हुए पंचायत विभाग की ओर से शनिवार को सकलडीहा क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में 12 न्याय पंचायतों के 163 सफाई कर्मियों को लगाया गया। सफाई कर्मियों ने सुबह से देर शाम तक सकलडीहा कस्बा, नागेपुर, टिमिलपुर, तेंदुई सहित ईटवा और ब्लॉक व तहसील मुख्यालय से जुड़े विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की।

सकलडीहा कस्बे से लेकर नागेपुर और तेंदुई क्षेत्र में लंबे समय से जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने की समस्या बनी हुई थी। बीते दो दिन पूर्व ग्रामीणों ने सकलडीहा सरोवर और मुख्य मार्ग पर जमा कूड़े को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पंचायत विभाग के अधिकारियों ने सफाई अभियान शुरू कराया।

163 सफाई कर्मियों ने संभाली कमान
अभियान के तहत सकलडीहा, नागेपुर, तेंदुईपुर, हाईवे रोड, सधन तिराहा, अलीनगर तिराहा, कस्बा स्टेशन रोड, तहसील परिसर, सीओ कार्यालय और ब्लॉक मुख्यालय मार्ग सहित अन्य स्थानों पर सफाई कराई गई।

सफाई कर्मियों ने जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा उठाकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को साफ किया। दीपावली से पहले सफाई अभियान चलने से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।

छठ पर्व से पहले सरोवरों की होगी सफाई
एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए सफाई का महाअभियान शुरू किया गया है। डाला छठ पर्व से पूर्व सरोवरों की भी साफ-सफाई कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा-कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
इस मौके पर लल्लन, संजय, प्यारे, मनीष सिंह, बनारसी सहित सैकड़ों सफाई कर्मी मौजूद रहे।