सकलडीहा। सकलडीहा कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राणा प्रताप यादव शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्त होने पर कोतवाली परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और सहकर्मियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया।

मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले राणा प्रताप यादव लंबे समय तक सकलडीहा कोतवाली में तैनात रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन और निष्ठा के साथ किया।

सहकर्मियों ने कार्यकाल की सराहना की
कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में आयोजित विदाई समारोह में उपनिरीक्षक राणा प्रताप यादव को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने कहा कि राणा प्रताप यादव अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन और गंभीरता से निभाते थे। मामलों के निस्तारण में उनकी कार्यशैली सराहनीय रही। वे घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते थे। उनके सेवानिवृत्त होने से विभाग को उनकी कमी महसूस होगी।

विदाई समारोह में सहकर्मियों ने राणा प्रताप यादव के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद किया और उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर गोपाल तिवारी, रामनारायण निषाद, जगदीश यादव, विजय शंकर चौहान, दिनेश राम और जयशंकर दुबे सहित कोतवाली के कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।