सकलडीहा। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती शनिवार को सकलडीहा क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर सरदार पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

सकलडीहा पीजी कॉलेज, सकलडीहा इंटर कॉलेज, डायट सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सकलडीहा इंटर कॉलेज में एनसीसी और स्काउट गाइड कैडेटों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ ली। एनसीसी कैप्टन सत्य मूर्ति ओझा ने कैडेटों को शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की दो महान विभूतियों लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल तथा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। जाति, धर्म, सांप्रदायिकता और भेदभाव से ऊपर उठकर देशहित में समर्पित रहना तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

नवोदय विद्यालय में भी याद किए गए लौह पुरुष
वहीं नवोदय विद्यालय बैराठ में सरदार पटेल की जयंती बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने भाषण और गीतों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।

विद्यालय के शिक्षक कमल कुमार यादव और आनंद प्रकाश तिवारी ने अपने संबोधन में सरदार पटेल के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए देश की स्वतंत्रता, रियासतों के एकीकरण और राष्ट्रीय अखंडता को मजबूत बनाने में उनके ऐतिहासिक योगदान से विद्यार्थियों को परिचित कराया।

विद्यालय के प्राचार्य संजय मिश्रा ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन इच्छाशक्ति, साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर अनुशासन एवं सहयोग की भावना विकसित करने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय, डायट प्राचार्य विश्व दीपक त्रिपाठी, सकलडीहा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य घनश्याम त्रिपाठी, सुजीत आनंद तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया गया।