चंदौली। जनपद के चहनिया ब्लॉक अंतर्गत कैथी ग्रामसभा निवासी व्यापारी संजय मौर्य पिछले चार वर्षों से बैंक ऑफ बड़ौदा की कैथी शाखा से जुड़े एक मामले में न्याय पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बैंक खाते में संचालित अटल पेंशन योजना को बिना उनकी अनुमति के बंद कर दिया गया। मामले को लेकर लगातार बैंक अधिकारियों और संबंधित कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद अब तक उन्हें संतोषजनक समाधान नहीं मिल सका है।

संजय मौर्य के अनुसार अक्टूबर माह में वह अपनी समस्या लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा के वाराणसी रीजनल ऑफिस पहुंचे थे। वहां उनकी मुलाकात कार्यालय स्टाफ क्षमा त्रिपाठी से हुई थी। इस दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि 15 से 20 दिनों के भीतर एक जांच टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा।

हालांकि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी न तो जांच टीम गठित होने की जानकारी मिली और न ही किसी अधिकारी ने उनसे संपर्क किया। संजय मौर्य का आरोप है कि इसके विपरीत रिपोर्ट में यह दर्शाया गया कि जांच टीम ने उनसे संपर्क कर उनके तथ्यों को समझ लिया है। जबकि उनका कहना है कि न तो कोई जांच टीम उनसे मिली और न ही उनकी समस्या का समाधान हुआ।

रीजनल ऑफिस पहुंचकर फिर रखी अपनी बात
मामले में लगातार हो रही कथित अनदेखी से नाराज संजय मौर्य मंगलवार को एक बार फिर बैंक ऑफ बड़ौदा के वाराणसी रीजनल ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने असिस्टेंट रीजनल मैनेजर आनंद लखमानी से मुलाकात कर अपनी समस्या विस्तार से बताई।

बताया जाता है कि आनंद लखमानी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और कैथी शाखा की ओर से हुई कथित अनदेखी पर खेद व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मामले की गहन जांच कराने का आश्वासन दिया।

असिस्टेंट रीजनल मैनेजर ने संजय मौर्य को भरोसा दिलाया कि वह निश्चिंत होकर जाएं, 15 से 20 दिनों के भीतर उनके मामले में उचित निष्कर्ष सामने आएगा।

चार साल बाद भी समाधान का इंतजार
चार वर्षों से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे संजय मौर्य को रीजनल ऑफिस से मिले नए आश्वासन के बाद अब मामले के समाधान की उम्मीद जगी है। हालांकि यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बैंक के उच्चाधिकारी इस प्रकरण में कितनी गंभीरता से जांच कराते हैं और व्यापारी को उनकी अटल पेंशन योजना से जुड़े मामले में कब तक न्याय मिल पाता है।