इलिया। ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से संत कबीर एजुकेशन एकेडमी, इलिया की ओर से संत कबीर प्रतिभा खोज परीक्षा 2026-27 का आयोजन 20 दिसंबर, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है।

विद्यालय के निदेशक राधाकृष्णन जायसवाल ने बताया कि प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उनमें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि विकसित करना है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

दो स्तरों पर होगी परीक्षा
प्रतिभा खोज परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी। प्राथमिक स्तर पर कक्षा चार, पांच और छह के विद्यार्थी शामिल होंगे। इनकी परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर पर कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों की परीक्षा दोपहर दो बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

प्रश्नपत्र में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, सामान्य ज्ञान और रीजनिंग से संबंधित कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क मात्र 10 रुपये रखा गया है।
Sant2
आठ साइकिल समेत 52 आकर्षक पुरस्कार
परीक्षा में विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजकों की ओर से आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। इसके तहत आठ रेंजर साइकिल, चार ब्रांडेड स्टैंड फैन और 40 ब्रांडेड दीवार घड़ियां पुरस्कार के रूप में दी जाएंगी। पुरस्कार वितरण समारोह 14 फरवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा।

ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना उद्देश्य
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कमी नहीं है, बल्कि उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है। इस तरह की परीक्षाओं से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही, उन्हें भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में भी मदद मिलती है।

निदेशक राधाकृष्णन जायसवाल ने क्षेत्र के अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर परीक्षा में भाग लें।