शादी की तैयारियों के बीच चोरों ने दिनदहाड़े घर से करीब 21 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। परिवार लगन छुड़ाने गया था, इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इलिया। शहाबगंज कस्बे में शादी की तैयारियों के बीच चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 21 लाख रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात से परिवार में हड़कंप मच गया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां चोरी के बाद खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार शहाबगंज कस्बा निवासी राजेश श्रीवास्तव के छोटे भाई की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी है। इसे लेकर घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। बुधवार को परिवार के सभी सदस्य लगन छुड़ाने के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान घर में सन्नाटा देखकर चोरों ने मौका साध लिया।
बताया जा रहा है कि चोर घर में दाखिल हुए और वहां रखे कीमती आभूषणों को समेटकर फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, चोरी गए गहनों की कीमत करीब 21 लाख रुपये है। दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती आभूषण गायब थे। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के सामने अचानक बड़ा संकट खड़ा हो गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
फिलहाल दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी से कस्बे में चर्चा का माहौल है। परिवार को अब चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।