शहाबगंज क्षेत्र के तियरा गांव में नलकूप पर गए 30 वर्षीय आलोक कुमार की सांप के काटने से मौत हो गई। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
इलिया। शहाबगंज क्षेत्र के तियरा गांव के बाहर स्थित नलकूप पर गए 30 वर्षीय युवक की सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आलोक कुमार (30 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश सिंह के रूप में हुई है। वह काफी समय से अपने ननिहाल तियरा गांव में मानिकचंद्र के यहां रह रहे थे। युवक की अचानक मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आलोक कुमार किसी काम से गांव के बाहर स्थित नलकूप पर गए थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आलोक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, ननिहाल में रह रहे युवक की असामयिक मौत से तियरा गांव में भी शोक का माहौल है।