चंदौली। जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के माधोपुर गांव में 26 नवंबर से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने पिता स्वर्गीय राम अवध सिंह की पुण्यतिथि पर इस धार्मिक आयोजन को करा रहे हैं। कथा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन स्थल पर पंडाल निर्माण और जमीन समतल करने का काम तेजी से कराया जा रहा है।

आयोजकों के मुताबिक, इस धार्मिक आयोजन में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए प्रयागराज से विशाल पंडाल मंगाया जा रहा है, जिसमें एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। आयोजन की तैयारियों के लिए 10 बीघा से अधिक जमीन पर खड़ी धान की फसल कटवाई गई है।
07
अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित गौरांगी गौरी जी 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगी। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में चंदौली के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर माधोपुर के पूर्व प्रधान राजू सिंह ने बताया कि कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। प्रसाद तैयार करने के लिए स्थानीय क्षेत्र के अलावा वाराणसी और बिहार की राजधानी पटना से भी कारीगर बुलाए जा रहे हैं।

वहीं, 2 दिसंबर को कथा के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 400 से अधिक कारीगर प्रसाद और विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार करेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि भंडारे में एक लाख से अधिक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने पहुंचेंगे।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन पूरी तरह गैर-राजनीतिक रहेगा। इसमें सभी वर्गों और क्षेत्रों के लोगों का स्वागत है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण से पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं।

माधोपुर में होने जा रहे इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।