चहनिया। दीपावली की शाम सोनबरसा गांव में पतंग उड़ाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर पतंग उड़ा रहा पांच वर्षीय बालक अचानक असंतुलित होकर करीब 12 फीट नीचे आंगन में जा गिरा। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, सोनबरसा गांव निवासी अवधेश निषाद का पांच वर्षीय पुत्र गोरकी निषाद दीपावली की शाम अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका ध्यान भटक गया और वह बिना मुंडेर वाली छत से नीचे आंगन में मुंह के बल गिर पड़ा।

हादसे में बालक के चेहरे पर दाढ़ी के पास गंभीर चोट आई है। वहीं पेट के बल गिरने से उसके सीने में भी चोट लगी है। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका परीक्षण और उपचार किया जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर बिना मुंडेर वाली छतों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।