टांडा-कैथी गंगा घाट पर पीपा पुल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मौसम अनुकूल रहने पर 20 दिनों में पुल चालू होने की उम्मीद है। इससे वाराणसी, जौनपुर और आजमगढ़ के आवागमन के साथ मार्कंडेय महादेव दर्शन की राह आसान होगी।
चहनिया। टांडा-कैथी गंगा घाट पर गंगा नदी में पीपा पुल जोड़ने का कार्य सोमवार से शुरू हो गया है। पुल का निर्माण पूरा होते ही इस मार्ग पर आवागमन शुरू होने की उम्मीद है। इससे चंदौली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वाराणसी, जौनपुर और आजमगढ़ आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, मार्कंडेय महादेव धाम में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को भी अब लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के प्रयासों से करीब पांच वर्ष पूर्व इस घाट पर पीपा पुल का निर्माण कराया गया था। प्रत्येक वर्ष मानसून और बाढ़ की आशंका को देखते हुए 15 जून की मध्यरात्रि को पुल हटा दिया जाता है। अब गंगा का जलस्तर सामान्य होने के बाद सोमवार से पीडब्ल्यूडी और संबंधित टीम ने पुल को दोबारा जोड़ने का काम तेज कर दिया है।
25 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी से मिलेगी मुक्ति
पीपा पुल हटने के कारण चंदौली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वाराणसी, जौनपुर और आजमगढ़ जाने के लिए करीब 25 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। वहीं, प्रसिद्ध मार्कंडेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सैदपुर या चौबेपुर होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। पीपा पुल शुरू होने से समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। साथ ही क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।
20 दिनों में पुल चालू होने की उम्मीद
घाट दरोगा दीना सिंह ने बताया कि टांडा-कैथी गंगा घाट पर पांटून पीपा पुल जोड़ने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मौसम अनुकूल रहा तो आगामी 20 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर पुल को आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
पुल निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है और अब सभी को जल्द आवागमन शुरू होने का इंतजार है।