सकलडीहा में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों का 30 सूत्रीय मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली और सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने सहित लंबित मांगें पूरी करने की मांग उठाई।
सकलडीहा। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों का 30 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को शिक्षकों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई तथा अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज उठाई।
आंदोलन का नेतृत्व संबद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री प्रो. दयाशंकर सिंह यादव ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनके समाधान में हो रही देरी शिक्षकों के हितों के विपरीत है। शिक्षक अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, चिकित्सा अवकाश और समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित सभी लंबित सेवा संबंधी मांगों का शीघ्र निस्तारण शामिल है।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ये मांगें केवल व्यक्तिगत हितों से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि शिक्षकों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता से भी संबंधित हैं। जब तक 30 सूत्रीय मांगपत्र पर सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष चंदौली प्रो. दयानिधि सिंह यादव, प्रो. इन्द्रदेव सिंह, प्रो. उदय शंकर झा, प्रो. महेंद्र सिंह, डॉ. शमीम, डॉ. राजेश यादव, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना, डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. अजय कुमार सिंह यादव, डॉ. अजय कुमार यादव, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. रजनीश गुप्ता, डॉ. अनिल तिवारी और डॉ. प्रमोद पांडे सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।