सकलडीहा के टिमिलपुर स्थित सामुदायिक शौचालय की मरम्मत और रंग-रोगन के बाद भी कर्मचारियों की कमी से संचालन शुरू नहीं हो सका है। डाला छठ से पहले इसे चालू कराने की मांग पर सचिव ने आश्वासन दिया है।
सकलडीहा। शासन की ओर से ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। सकलडीहा के टिमिलपुर स्थित सामुदायिक शौचालय पर मरम्मत और रंग-रोगन के नाम पर हजारों-लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने के कारण शौचालय अब भी बंद पड़ा है। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है।
दरअसल, सकलडीहा तहसील और ब्लॉक मुख्यालय होने के कारण यहां सार्वजनिक सुविधा के लिए टिमिलपुर और नागेपुर में दो बड़े सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। नागेपुर स्थित सामुदायिक शौचालय को छोड़ दें तो टिमिलपुर का शौचालय पिछले कई महीनों से मरम्मत और साफ-सफाई के अभाव में बंद पड़ा था। शासन की ओर से सामुदायिक शौचालयों और परिषदीय विद्यालयों की मरम्मत एवं सुंदरीकरण कराने के निर्देश के बाद सचिवों की ओर से टिमिलपुर स्थित शौचालय की मरम्मत और रंग-रोगन कराया गया।
हालांकि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद भी कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने से शौचालय का ताला नहीं खुल सका है। ऐसे में सरकारी धन खर्च होने के बावजूद आमजन को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण और सुंदरीकरण पर धनराशि खर्च की जाती है, लेकिन संचालन की व्यवस्था नहीं होने से योजनाओं का उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है।
व्यापारियों और कस्बावासियों ने डाला छठ महापर्व को देखते हुए सामुदायिक शौचालय का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि पर्व के दौरान आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।
इस संबंध में सचिव संदीप गौतम ने बताया कि सामुदायिक शौचालय के संचालन के लिए समूह की महिलाओं को जिम्मेदारी देने का निर्देश है। डाला छठ महापर्व से पहले शौचालय का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।