छठ महापर्व के अंतिम दिन हजारों व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। क्षेत्र के 82 सरोवरों पर प्रशासन ने सुरक्षा और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए।
सकलडीहा। चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह सकलडीहा कस्बे सहित आसपास के गांवों में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भोर होते ही हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं विभिन्न सरोवरों और घाटों पर पहुंचीं। उन्होंने उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन करते हुए विधि-विधान से पारण किया।
सकलडीहा, टिमिलपुर, ईटवा, बलारपुर, काली माता मंदिर और चतुर्भुजपुर सहित विभिन्न स्थानों के सरोवरों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भगवान भास्कर के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और साफ-सफाई के व्यापक इंतजाम किए गए थे। तहसील और पुलिस प्रशासन की टीमें क्षेत्र के 82 सरोवरों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेती रहीं। घाटों पर प्रकाश, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, बिहार युवक मंगल दल के युवाओं ने घाटों पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसडीएम आकांक्षा सिंह, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा और कोतवाल भूपेंद्र निषाद पुलिस बल के साथ विभिन्न घाटों पर मुस्तैद रहे। हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने सड़क किनारे लगी फल और गन्ने की दुकानों को व्यवस्थित कराया।
एसडीएम आकांक्षा सिंह और सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए सरोवरों से लेकर सड़कों तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करती रहीं।
इस मौके पर नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र शुक्ल, कोतवाल भूपेंद्र निषाद, कस्बा प्रभारी राजेंद्र सिंह, बीडीओ विजय सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, सचिव पवन दूबे, संदीप गौतम, राजेश पासवान, अशोक कुमार, मंजू वर्मा, महेंद्र गुप्ता, राजेश सेठ, मुकेश नंदन, सुरेंद्र यादव, संतोष जायसवाल, काशू जायसवाल, मंतोष जायसवाल, काली प्रसाद, पप्पू जायसवाल, बेचन जायसवाल, जयप्रकाश जायसवाल, संदीप जायसवाल, सचिन जायसवाल, मंजू देवी, पूनम देवी, पुजारी विनीत चंद्र पांडेय, दिलीप जायसवाल और मारकंडे जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।