उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए AB-PMJAY पोर्टल को Go-Live करने की सहमति दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने जिला सूचना अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
चंदौली। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए विकसित नवीन पोर्टल को Go-Live करने की सहमति प्रदान की गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पोर्टल के संचालन, आवेदन, सत्यापन और आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

सूचना निदेशालय के सभागार में आयोजित
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल के Process Flow का प्रस्तुतिकरण किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाइव डेमो के माध्यम से आवेदन से लेकर कार्ड डाउनलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। इसमें सूचना निदेशालय के मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड करना होगा विवरण
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही, इस संबंध में मुख्यालय को भी अवगत कराया जाए, ताकि आगे की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश
सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने और पात्र पत्रकारों के आवेदन संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस पहल से प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है। हालांकि, चिकित्सा सुविधा की पात्रता और लाभ के लिए संबंधित योजना के निर्धारित नियमों एवं औपचारिकताओं का पालन करना होगा।
प्रशिक्षण एवं बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।