चंदौली। उत्तर प्रदेश में विभिन्न मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का लखनऊ स्थित ईको गार्डन में 28 सितंबर से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हो गया है। संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में चल रहा यह आंदोलन 28 अक्टूबर की देर रात करीब 11 बजे समाप्त किया गया। धरना समाप्त होने के बाद अब प्रदेश के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटेंगे।

लगभग एक माह तक चले इस आंदोलन में प्रदेशभर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने एकजुटता के साथ अपनी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए आवाज बुलंद की। आंदोलन के दौरान अधिकारियों ने अपने अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया।

संयुक्त मोर्चा के अनुसार, 29 अक्टूबर से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लौटकर नियमित स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य विभागीय कार्यों का संचालन पूर्ववत करेंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
cho2
आंदोलन में सहयोग करने वालों के प्रति जताया आभार
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ उत्तर प्रदेश ने आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रदेशभर के अधिकारियों, मातृशक्ति, पदाधिकारियों, सहयोगी संगठनों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देने वाले सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

संयुक्त मोर्चा ने कहा कि यह संघर्ष एकता, संगठनात्मक शक्ति और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का ऐतिहासिक उदाहरण रहेगा। संगठन भविष्य में भी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के हितों, सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करता रहेगा।

शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील
धरना समाप्त होने के बाद संगठन ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों से शांति, अनुशासन और एकता बनाए रखते हुए अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटने की अपील की है। साथ ही जनसेवा के दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया है।

हालांकि, जारी बयान में अधिकारियों की विभिन्न मांगों पर शासन की ओर से लिए गए निर्णयों या उनके निस्तारण के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।