मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में विधायक खेल स्पर्धा 2026-27 का शुभारंभ हुआ। एथलेटिक्स, कबड्डी और वॉलीबॉल में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
चहनिया। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें जनपद, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज, चहनिया के खेल मैदान में विधायक खेल स्पर्धा 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, कबड्डी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में अपना दमखम दिखाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव एवं मां खंडवारी देवी ग्रुप ऑफ कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि खेल हमारे सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपने दैनिक जीवन में समान महत्व देना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। सामूहिक खेलों से आपसी भाईचारा, संवाद और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि खेल हमें जीत और हार दोनों को सहजता से स्वीकार करना सिखाते हैं। कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा भी खेलों से मिलती है। उन्होंने सभी विकास खंडों में मिनी स्टेडियम निर्माण की पहल को खिलाड़ियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेहतर खेल सुविधाएं मिलने से ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सीनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में गोविंद कुमार ने प्रथम, संदीप यादव ने द्वितीय और सूरज कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में विदुषी प्रथम, मरजीना द्वितीय और अनामिका तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार सीनियर बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में आलोक कुमार ने प्रथम, संदीप यादव ने द्वितीय तथा सभाजीत ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर बालक वर्ग की लंबी कूद में संदीप प्रथम, महेश्वरनाथ द्वितीय और रोहन तृतीय रहे। वहीं जूनियर बालक वर्ग की लंबी कूद में जय हिंद ने प्रथम, अंकित ने द्वितीय और विपिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी के सब-जूनियर बालक वर्ग में पकड़ी की टीम विजेता और बसिल की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने मेडल, पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे।
आयोजकों के अनुसार, 22 नवंबर को कुश्ती, जूडो, भारोत्तोलन और फुटबॉल तथा 23 नवंबर को बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजन यादव, प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, राहुल कुमार वर्मा, रजनीश पांडेय, सुशील पांडेय, गौतम लाल, अभय कुमार पीके, प्रदीप कुमार यादव, प्रवीण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनीश सिंह ने किया।