गांव में छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य तालाब घाट पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। ग्रामीणों और युवाओं के सहयोग से घाट पर साफ-सफाई और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था रही।
चंदौली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ ग्राम पंचायतों में पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। रविवार की शाम गांव के मुख्य छठ घाट पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच व्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर को अस्ताचलगामी अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और संतान की दीर्घायु की कामना की।

तालाब में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने की सूर्य उपासना
अर्घ्य के समय पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाएं तालाब के शीतल जल में खड़ी होकर भगवान सूर्य और छठी मइया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती नजर आईं। श्रद्धालुओं की ओर से तालाब के भीतर गन्ने का आकर्षक मंडप तैयार किया गया था। मंडप में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं ने सुख, शांति और खुशहाली की कामना की।
सूप और दउरा में सजे पारंपरिक प्रसाद
छठ पूजा के लिए महिलाएं अपने परिजनों के साथ बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, नारियल, केला, अनानास, गन्ना और अन्य मौसमी फल लेकर घाट पर पहुंचीं। घाट के चारों ओर गूंजते छठी मइया के पारंपरिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दीपों की रोशनी और पूजा के पारंपरिक दृश्य ने छठ महापर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया।
ग्रामीणों के सहयोग से रही बेहतर व्यवस्था
तालाब की सीढ़ियों और आसपास के परिसर में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी मौजूदगी रही। ग्राम पंचायत और स्थानीय युवाओं की सक्रियता से घाट पर साफ-सफाई और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए थे। ग्रामीणों के सहयोग से व्रतियों को पूजा-अर्चना करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
गांव में छठ महापर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आस्था, परंपरा और आपसी सहयोग के इस संगम ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।