चंदौली। मौसम में बदलाव और ठंड की शुरुआत के साथ ही आंखों की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ठंड और शुष्क हवाओं के कारण आंखों की प्राकृतिक नमी प्रभावित हो सकती है। इससे आंखों में सूखापन, जलन, खुजली, लालिमा और पानी आने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आंखों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

चहनिया क्षेत्र स्थित ज्योति नेत्र चिकित्सालय के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. संजय त्रिपाठी ने क्षेत्रवासियों को बदलते मौसम में आंखों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से आंखों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। आंखों में सूखापन, जलन, खुजली और लालिमा की शिकायत को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि आंखों को बार-बार हाथों से रगड़ने से बचना चाहिए। घर से बाहर निकलते समय धूल और ठंडी हवाओं से बचाव के लिए चश्मे का प्रयोग करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ आंखों की साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सलाह दी कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के किसी भी प्रकार की आई ड्रॉप या दवा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान आंखों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर समय रहते नेत्र चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए, ताकि समस्या गंभीर रूप न ले सके। इस दौरान ज्योति नेत्र चिकित्सालय के निदेशक सौरभ त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।