पेट दर्द से पीड़ित 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोनिया की हालत बिगड़ने पर 108 एम्बुलेंस कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की। ईएमटी और पायलट की सूझबूझ व समय पर प्राथमिक उपचार से महिला की जान बच गई और उन्हें धानापुर सीएससी में भर्ती कराया गया।
धानापुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन 108 एम्बुलेंस सेवा संकट के समय मरीजों के लिए संजीवन साबित हो रही है। ताजा मामला धानापुर ब्लॉक का है, जहाँ 108 एम्बुलेंस टीम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान बचा ली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, धानापुर क्षेत्र की निवासी सोनिया (65) के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हुआ, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक हो गई। परिजनों ने बिना देरी किए 108 आपातकालीन सेवा पर संपर्क किया। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम के निर्देश पर एम्बुलेंस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुँचे ईएमटी दयानन्द और पायलट सोनू ने मरीज की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत एम्बुलेंस में शिफ्ट किया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मरीज को आवश्यक प्राथमिक जीवन रक्षक इलाज दिया गया। पायलट सोनू ने मुस्तैदी से वाहन चलाते हुए बेहद कम समय में मरीज को धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया।
सीएससी में मौजूद चिकित्सकों ने मरीज का तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुँचने और रास्ते में मिले प्राथमिक उपचार के कारण महिला की हालत अब खतरे से बाहर और नियंत्रित है। एम्बुलेंस कर्मियों की इस त्वरित सेवा और समर्पण की परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की है।