चंदौली के चकिया की मौलाना आजाद इंटर कॉलेज की छात्रा अदिति केशरी ने बरेली में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। धनश्री ट्रेडर्स एंड पेंट के प्रोपराइटर रंजीत मौर्य ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
चंदौली। जनपद के चकिया नगर पंचायत निवासी राजाराम केशरी की होनहार बेटी और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज नौदर की छात्रा अदिति केशरी ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन की बदौलत पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। बरेली में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में अदिति ने अपने शानदार और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अदिति की इस स्वर्णिम सफलता से पूरे जनपद और स्थानीय क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस उपलब्धि के उपरांत धनश्री ट्रेडर्स एंड पेंट सहदुल्लापुर के प्रोपराइटर रंजीत मौर्य ने अदिति केशरी को विशेष रूप से आमंत्रित कर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनकी इस उपलब्धि की सराहना की।
इस अवसर पर रंजीत मौर्य ने कहा, "अदिति ने अपनी प्रतिभा के बल पर राज्य स्तर पर जो मुकाम हासिल किया है, वह हमारे पूरे क्षेत्र और जिले के लिए अत्यंत गर्व की बात है। सीमित संसाधनों के बावजूद अदिति की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं और बेटियों के लिए एक महान प्रेरणा है।"
अदिति की इस उपलाब्धि पर विद्यालय परिवार, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बधाई दी और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम चमकाने के लिए शुभकामनाएं दीं।