सकलडीहा। विकास खंड सकलडीहा में तैनात एडीओ समाज कल्याण जगदीश यादव इन दिनों अपने जनहितैषी दृष्टिकोण और कुशल कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वह शासन की अतिमहत्वाकांक्षी योजनाओं वृद्धा, दिव्यांग और विधवा पेंशन के लाभार्थियों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से सुनते हुए उनका मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर रहे हैं।

​कार्यालय पहुंचते ही होता है समाधान, दूर हुई दफ्तरों के चक्कर काटने की मजबूरी
पेंशन से जुड़ी तकनीकी खामियों, ई-केवाईसी या सत्यापन जैसी समस्याओं को लेकर जब भी कोई बुजुर्ग, दिव्यांग या विधवा महिला ब्लॉक मुख्यालय स्थित उनके कार्यालय पहुंचती है, तो एडीओ जगदीश यादव उनकी फरियाद को संवेदनशीलता से सुनते हैं। विभागीय प्रक्रियाओं को अविलंब पूरा कराकर वे लाभार्थियों को तत्काल राहत पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

ब्लॉक परिसर में आए पेंशन लाभार्थियों ने बताया कि पूर्व में पेंशन से संबंधित छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई-कई महीनों तक दफ्तरों की परिक्रमा करनी पड़ती थी। लेकिन एडीओ साहब की सजगता के चलते अब काम समयबद्ध और बिना किसी अड़चन के पूरा हो जाता है। उनके इस सहयोगी व मानवीय रवैये से जरूरतमंदों में बेहद खुशी है।

​अधिकारियों के लिए प्रेरणा बनी कार्यशैली
स्थानीय प्रबुद्धजनों ने जगदीश यादव के इस कार्य व्यवहार की मुक्तकंठ से सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि शासन-प्रशासन का हर अधिकारी और कर्मचारी इसी प्रकार संवेदनशीलता व ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे, तो अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ बिना किसी बिचौलिए के पहुंच सकता है।