बरहनी ब्लॉक के अदसड़ गांव में पंचमी दुबेपुर पुल के पास लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंप को लेकर ग्रामीणों और बच्चों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने हैंडपंप की मरम्मत, रिबोर या नया हैंडपंप लगाने की मांग की। एडीओ पंचायत ने स्थलीय निरीक्षण कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
धीना। ग्राम सभा अदसड़ में पंचमी दुबेपुर पुल के पास लगा हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही सड़क पर दौड़ लगाकर नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं और अखाड़े में कुश्ती का अभ्यास करने वाले पहलवानों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या से नाराज गांव के बच्चों ने खराब हैंडपंप के पास एकजुट होकर प्रदर्शन किया और जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त हैंडपंप आसपास के लोगों के लिए पेयजल का प्रमुख साधन था। सुबह-शाम सड़क पर दौड़ लगाकर शारीरिक तैयारी करने वाले युवाओं को इससे काफी सहूलियत मिलती थी। वहीं, अखाड़े में कुश्ती का अभ्यास करने वाले पहलवान भी इसी हैंडपंप से अपनी प्यास बुझाते थे। लेकिन लंबे समय से खराब होने के कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे बच्चों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि हैंडपंप की जल्द मरम्मत कराई जाए। यदि मरम्मत संभव नहीं है तो उसका रिबोर कराया जाए अथवा नया हैंडपंप लगाया जाए, ताकि लोगों को पेयजल की समस्या से निजात मिल सके।
इस दौरान सच्चितानंद, धर्मराज यादव, नवरत्न बिंद, मंटू पहलवान, गोलू पांडेय, शिवम गुप्ता सहित अन्य ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
इस संबंध में एडीओ पंचायत बरहनी प्रेमचंद ने बताया कि मौके का स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।