सकलडीहा में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। स्टेट हाईवे निर्माण की मिट्टी बेच रहे ओवरलोड ट्रैक्टर को पुलिस ने किया जब्त, अन्य वाहनों पर भी कसेगा शिकंजा।
सकलडीहा। इलाके में अवैध खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की रात पुलिस ने सकलडीहा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लगे मिट्टी से लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं और ठेकेदार कंपनियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार कंपनी स्टेट हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान निकली मिट्टी को गैरकानूनी तरीके से बाजार में बेच रही थी। आरोप है कि कंपनी के लोग रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए जेसीबी से अवैध खनन करवा रहे थे और ट्रैक्टरों के जरिए मिट्टी की ढुलाई कर रहे थे।
सोमवार रात गश्त के दौरान थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने संदिग्ध हालात में आ रहे इस ट्रैक्टर को रोका। जांच के दौरान चालक ट्रैक्टर पर लदी करीब 150 फीट मिट्टी से जुड़ा कोई भी वैध कागजात या परमिट नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को तुरंत जब्त कर लिया और कोतवाली ले आई।
थानाध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा है कि इलाके में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य जेसीबी तथा ट्रैक्टरों की भी पहचान कर जल्द ही उन्हें जब्त किया जाएगा।