सकलडीहा। विकास खंड सकलडीहा के बहरवानी गांव में मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। अमर ज्योति संस्था के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में किशोरियों को महिला सुरक्षा, बालिका शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इस दौरान सिलाई, बुनाई और कढ़ाई सहित विभिन्न प्रशिक्षणों में सफल 33 किशोरियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोतवाल भूपेन्द्र निषाद ने किशोरियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए कहा कि बेटियों के आत्मनिर्भर बनने से परिवार और समाज में खुशहाली आती है। मिशन शक्ति का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में किशोरियों को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं, बालिकाओं के अधिकारों और जरूरत पड़ने पर सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्हें अपने कौशल का विकास कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

जागरूकता रैली निकालकर दिया सुरक्षा का संदेश
कार्यशाला के समापन के बाद किशोरियों ने मिशन शक्ति के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, बालिकाओं के अधिकारों और उनके सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।

इस मौके पर एसआई लक्ष्मीकांत मिश्रा, नेहा, सुजीत कुमार, आकाश मौर्य, संभा यादव, लीलावती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।