चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के कुशल निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को बलुआ थाने पर 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली साहसी बालिकाओं और छात्राओं को सम्मानित किया गया। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने बालिकाओं के हौसला अफजाई के लिए उन्हें टी-शर्ट, कैप और अन्य उपहार प्रदान किए।

इस अवसर पर सीओ और मिशन शक्ति टीम ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों, पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों—जैसे 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), और 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जागरूक किया।

कार्यक्रम के समापन के बाद मिशन शक्ति टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहे पर पहुंचकर यातायात का कुशल संचालन भी किया, ताकि आम जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

इस भव्य आयोजन के दौरान प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक जमालुद्दीन खान और मिशन शक्ति टीम की महिला आरक्षी अनामिका, महिला आरक्षी दिव्या सिंह व महिला आरक्षी आकृति गुप्ता उपस्थित रहीं। चंदौली पुलिस ने दोहराया है कि महिलाओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सशक्त वातावरण तैयार करने के लिए 'मिशन शक्ति' के तहत ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।