बरहनी स्थित मां मंशा देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक चले मंत्रोच्चार का नवमी तिथि को हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। इसके बाद आरती, कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया।
चंदौली। बरहनी क्षेत्र के मां मंशा देवी मंदिर परिसर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नौ दिनों से चल रहे अखंड मंत्रोच्चार का नवमी तिथि को हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में मां दुर्गा के जयकारों से गूंजता रहा।
नवरात्रि के प्रथम दिन संकल्प के साथ शुरू हुए मंत्रोच्चार में प्रतिदिन श्रद्धालु बढ़-चढ़कर शामिल होते रहे। रात्रि में पुरुषों और दिन में महिलाओं द्वारा ‘जय अंबे हरे, जय जगदंबे हरे, जय जय जग जननी अंब हरे’ मंत्र का जाप किया जाता था। नवमी तिथि को विद्वान ब्राह्मण बासुदेव त्रिपाठी के नेतृत्व में विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद मां की आरती की गई और मंदिर परिसर से जुड़े लोगों की ओर से कन्या भोज का आयोजन किया गया।
मंदिर कमेटी के विशाल सिंह, अनिल, विवेक सिंह, आशीष, शुभम, अरविंद और अभिषेक सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि मंदिर में प्रत्येक वर्ष शारदीय नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक लगातार मंत्रोच्चार किया जाता है। नवमी तिथि को हवन-पूजन के बाद मंत्रोच्चार को विश्राम दिया जाता है। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन होता है, जिसमें श्रद्धालु मां का प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस धार्मिक आयोजन से मंदिर परिसर में पूरे नौ दिनों तक भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।