धीना। टीबी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पर टीबी पोषण सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने कुल नौ टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार से युक्त पोषण पोटली वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि टीबी के उपचार में दवाओं के साथ पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संतुलित एवं पोषक तत्वों से भरपूर भोजन से मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाने में मदद मिलती है।
06
उन्होंने बताया कि शासन की मंशा है कि टीबी मरीजों को उपचार के साथ पर्याप्त पोषण भी मिले, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकें। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पंजीकृत टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाती है।

पोषण पोटली में गुड़, चना, सत्तू, सोयाबीन सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल है। कार्यक्रम में वीरेंद्र सहित कुल नौ मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की गई। पोषण पोटली पाकर मरीजों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लाभार्थियों ने शासन की इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सूर्यप्रकाश, एटीएस मृदुल राय, एसटीएलए आशुतोष राय, आनंद शाक्य, उदय राम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।