खुरहट गांव में आटा चक्की संचालक 30 वर्षीय युवक की बिजली के तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चंदौली। जिले के बरहनी विकास खंड अंतर्गत रामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के खुरहट गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आटा चक्की पर कार्य कर रहे 30 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस अप्रत्याशित घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
आटा चक्की पर काम करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुरहट गांव निवासी बेचई का 30 वर्षीय पुत्र वकील गांव में ही आटा चक्की चलाने का कार्य करता था। शुक्रवार को काम करने के दौरान अचानक पास में लटक रहे बिजली के तार से उसका हाथ स्पर्श हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल अवस्था में युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और अंत्य परीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मासूम परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक वकील तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इस अचानक हुई दुर्घटना से जहां पूरा परिवार गहरे सदमे में है, वहीं मृतक की पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।