धीना। बरहनी तिराहे पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मोड़ पर मुड़ते समय अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे नहर में पलट गई। हादसे में चालक जुगनू खरवार ट्रैक्टर के नीचे दब गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार रामपुर निवासी अवधेश सिंह का ट्रैक्टर लेकर जुगनू खरवार जमानिया गए थे। वहां से नई ट्रॉली लेकर वह रामपुर लौट रहे थे। ट्रैक्टर पर कुछ महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। बताया जा रहा है कि बरहनी तिराहे पर हादसे से पहले चालक ने सभी महिलाओं और बच्चों को ट्रैक्टर से नीचे उतार दिया था।

इसके बाद बरहनी चौराहे पर मोड़ लेते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली समेत सड़क किनारे नहर में पलट गया। गनीमत रही कि नहर में पानी नहीं था, बल्कि केवल गीली मिट्टी थी।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण चालक को बचाने के लिए नहर में उतर गए। इसी दौरान इमिलियां गांव निवासी बबलू सिंह ने ट्रैक्टर के नीचे दबे जुगनू खरवार को बाहर निकाला।

घटना की सूचना ट्रैक्टर मालिक अवधेश सिंह को दी गई। कुछ देर बाद वह मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहर से बाहर निकलवाया।