बसगांवा सहकारी समिति में पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। किसानों को वैज्ञानिक पशुपालन, पौष्टिक चारे और टीकाकरण की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने के साथ साड़ी, पंखा और लाइट वितरित की गई।
कमालपुर। बसगांवा बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति पर पशुपालक सम्मान समारोह एवं वार्षिक साधारण सभा का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पशुपालन को आय का बेहतर माध्यम बनाने, पशुओं की उचित देखभाल, पौष्टिक आहार और समय से टीकाकरण कराने के प्रति पशुपालकों को जागरूक किया गया। वहीं पशुपालक स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में सरदार पटेल कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड की ओर से बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बसगांवा के जिले में प्रथम पंजीकृत होने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमूल बनास डेयरी चंदौली के जिला अधिकारी अर्जेश यादव एवं सुनीता सिंह ने कहा कि थोड़ी सी मेहनत, उचित देखभाल और वैज्ञानिक तरीके अपनाकर पशुपालक अच्छी आमदनी अर्जित कर सकते हैं। इसके लिए पशुओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार देना, उनके रहने की जगह पर साफ-सफाई रखना और निर्धारित समय पर टीकाकरण कराना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन और डेयरी व्यवसाय के माध्यम से किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं। पशुपालन में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए पशुओं के स्वास्थ्य और खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
वहीं अभिजीत पटेल ने सरदार पटेल कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की योजनाओं और सहकारी समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब समिति केवल दुग्ध व्यवसाय तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मुर्गी पालन, झींगा पालन, सिंचाई, दवाइयों सहित विभिन्न सुविधाओं और गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। इससे किसानों एवं पशुपालकों को एक ही स्थान पर कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी।
पशुपालक स्पर्धा के विजेता हुए सम्मानित
समारोह के दौरान पशुपालकों के बीच साड़ी, पंखा और लाइट का वितरण किया गया। पशुपालक स्पर्धा में जयराम मौर्य ने प्रथम, माया भटसा ने द्वितीय, गायत्री सिंह मौर्य ने तृतीय, बहादुर पाल बसगांवा ने चतुर्थ तथा शालू यादव ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। सभी सफल प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी आनंद कुमार, धानापुर के डॉ. अवधेश कुमार यादव, समिति सचिव गोलू सिंह, अध्यक्ष रमाशंकर सिंह, व्यवस्थापक रामबली यादव, अतुल सिंह, बबलू सिंह, छब्बू पासवान, रामरतन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पशुपालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।