संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू (टिकैत) ने SIR प्रक्रिया रोकने और चुनाव आयोग के खिलाफ चंदौली की सभी तहसीलों में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। मंडल प्रवक्ता मणि देव चतुर्वेदी ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में किसान सड़कों पर उतर चुके हैं।
सकलडीहा। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पूरे देश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर उनके ऊपर मुकदमा चलाने, बिना पारदर्शिता के 13 करोड़ से ज्यादा नागरिकों के काटे गए मतों को तत्काल जोड़ने और 2023 में संशोधन किए गए चयन पैनल से कैबिनेट को हटाकर पैनल में पुनः CJI को जोड़ने को लेकर जिले की तमाम तहसीलों में ज्ञापन सौंपा गया।
सकलडीहा में तहसील अध्यक्ष श्रवण मौर्या, चंदौली में कन्हैया मौर्या, चकिया में जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान, नियामताबाद में अलाउद्दीन, नौगढ़ में सुरेश मौर्या के नेतृत्व में सक्षम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
मंडल प्रवक्ता मणि देव चतुर्वेदी ने कहा कि जिस तरह बीते दिनों में चुनाव आयोग एक्सपोज हुआ है, उसको लेकर देश में आक्रोश है। लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई में अब किसान पूरी तरह से शामिल हो चुके हैं। चुनाव आयुक्त तो मात्र एक मोहरा है। आज भाजपा सरकार येन-केन-प्रकारेण सत्ता में बने रहने के लिए हथकंडे अपना रही है। वोट चोरी इनका एक प्रमुख हथियार बन चुका है। बीते दिनों जिस तरह से दिल्ली में पुलिसिया तंत्र अपनाकर शांतिप्रिय आंदोलन को कुचला गया, अब सारे देश की निगाहें महामहिम राष्ट्रपति और न्यायपालिका की तरफ हैं। जब तक ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर मुकदमा नहीं चलाया जाता, देश के किसान सड़कों पर उतरेंगे।
सकलडीहा में मणि देव चतुर्वेदी, श्रवण मौर्या, हरजीत सिंह, रामाधार शर्मा, हाकिम सुलेमानी, छोटू यादव, चंदौली में कन्हैया मौर्या, प्रभाकर सिंह, डॉ. राजीव, आनंद कुमार, चकिया में जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान, प्रमोद कुमार, नौगढ़ में सुरेश, रामनारायण और नियामताबाद में अलाउद्दीन, विनोद आदि ज्ञापन देते समय पचासों किसान उपस्थित रहे।