चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ स्थित निषाद बस्ती में मंगलवार को गंगा किनारे मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक टीला ढहने से दो महिलाएं उसके नीचे दब गईं। हादसे में 54 वर्षीय तेतरा देवी की मौत हो गई, जबकि 36 वर्षीय लक्ष्मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलुआ निषाद बस्ती निवासी तेतरा देवी पत्नी छोटन निषाद और लक्ष्मीना देवी पत्नी स्वर्गीय भोनू निषाद घर की साफ-सफाई के लिए मंगलवार को घर के पास गंगा किनारे मिट्टी की खुदाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला ढह गया और दोनों महिलाएं मलबे में दब गईं। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें स्थानीय चिकित्सकों के पास ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल ले जाने की सलाह मिलने पर परिजन दोनों को चंदौली जिला चिकित्सालय ले गए।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तेतरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीना देवी के पैर की हड्डी टूट गई है और कमर में भी गंभीर चोट आई है। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे से गांव में मचा कोहराम
अचानक हुए इस हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। तेतरा देवी के तीन बेटे नीरज, धीरज और रवि तथा एक बेटी सोनी हैं। मां की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, घायल लक्ष्मीना देवी के पति भोनू निषाद की आठ महीने पहले ही मौत हो चुकी है। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल सतीश सिंह भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तेतरा देवी का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।