चकिया की बेटी और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज की छात्रा अदिति केशरी ने बरेली में आयोजित प्रदेशीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर चंदौली जिले का नाम रोशन किया।
चंदौली। चकिया नगर पंचायत निवासी राजाराम केशरी की प्रतिभावान पुत्री और
मौलाना आजाद इंटर कॉलेज नौदर की छात्रा अदिति केशरी ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। बरेली में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए अदिति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
जिला और मंडल स्तर पर गाड़े थे सफलता के झंडे
अदिति ने यह मुकाम कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास से हासिल किया है। इससे पूर्व उन्होंने जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था। बरेली में आयोजित राज्य स्तरीय स्पर्धा में प्रदेश भर के दिग्गज खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए उन्होंने उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
समाजसेवी प्रदीप गुप्ता ने घर पहुंचकर किया सम्मानित
अदिति की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे चकिया नगर और चंदौली जिले में हर्ष का माहौल है। सफलता की खबर मिलते ही चकिया नगर पंचायत निवासी समाजसेवी प्रदीप गुप्ता, नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, राजन गुप्ता और गोपाल गुप्ता ने उनके निवास पर पहुंचकर अदिति को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थानीय नागरिकों और खेल प्रेमियों का कहना है कि अदिति की यह सफलता क्षेत्र के अन्य ग्रामीण व शहरी युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।