विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर चंदौली में 12 अक्टूबर से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) शुरू होगी। डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट वेयरहाउस में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
चंदौली। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस का निरीक्षण कर ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) की तैयारियों का जायजा लिया।
जिले में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की एफएलसी प्रक्रिया 12 अक्टूबर, 2026 से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस में शुरू होगी।
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि FLC के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए और सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे की रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत एफएलसी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होगी। जांच प्रक्रिया इंजीनियरों की तकनीकी टीम द्वारा संपन्न कराई जाएगी। जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल कराया जाएगा। इसके लिए राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई है।
डीएम ने परिसर में साफ-सफाई, अग्निशमन यंत्रों की क्रियाशीलता और बैरिकेडिंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) राजेश कुमार और सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।